पीएपी की बंद पड़ी सर्विस लेन का काम शुरू, 300 मीटर लंबा और 5.5 मीटर चौड़ा होगा रैंप

भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर शहर के सबसे व्यस्त और ट्रैफिक जाम के लिए चर्चित पीएपी चौक पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से अधर में लटके सर्विस लेन और नए रैंप के निर्माण कार्य का आखिरकार शुरुआत कर दी गई है। बुधवार को डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। लगभग 4.50 करोड़ रुपए की लागत वाला यह प्रोजेक्ट शहर के ट्रैफिक ढांचे को पूरी तरह बदल देगा। पीएपी चौक पर ट्रैफिक की समस्या का मुख्य कारण हाईवे और सर्विस लेन के बीच सही कनेक्टिविटी न होना था। प्रशासन ने अब इसका स्थायी समाधान खोज लिया है। प्रोजेक्ट के तहत 300 मीटर लंबा और 5.5 मीटर चौड़ा एक विशेष रैंप तैयार किया जाएगा। यह रैंप पीएपी चौक की सर्विस लेन को सीधे नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर के साथ जोड़ेगा। इस निर्माण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि काम के दौरान हाईवे का ट्रैफिक बिल्कुल नहीं रुकेगा। निर्माण कंपनी ने ऐसी तकनीक और योजना तैयार की है जिससे हाईवे पर वाहनों की गति प्रभावित हुए बिना रैंप का ढांचा खड़ा किया जा सके। इससे यात्रियों को निर्माण कार्य के दौरान भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।पीएपी फ्लाईओवर के साथ वाली सर्विस लेन बंद होने के कारण पीएपी चौक ट्रैफिक डार्क स्पॉट बना हुआ था। यहां पीक ऑवर्स में लगने वाले जाम के कारण अक्सर एंबुलेंस और वाहन भी फंस जाते थे। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से स्थानीय निवासियों और पीएपी के रेजिडेंस को भी फायदा होगा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट शहर की सुंदरता और सुगमता दोनों को बढ़ाएगा। निर्माण कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि काम को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए ताकि जल्द से जल्द इसे जनता के लिए खोला जा सके। वहीं रैंप बनने के बाद पीएपी चौक का पूरा दृश्य बदल जाएगा। यहां आधुनिक साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर्स और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। निर्माण कंपनी को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि काम को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। अब तक अमृतसर या पठानकोट की ओर से आने वाले वाहनों को यदि लुधियाना या चंडीगढ़ की तरफ जाना होता था, तो उन्हें पीएपी चौक के पास सर्विस लेन में फंसने या आगे जाकर रामा मंडी से यू-टर्न लेने पर मजबूर होना पड़ता था। इस चक्कर में वाहन चालकों को लगभग 4 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता था, जिससे समय के साथ-साथ तेल की भी खपत होती थी। डीसी ने शुभारंभ के अवसर पर बताया कि इस नए रैंप और सर्विस लेन के शुरू होने से यह 4 किलोमीटर का फासला पूरी तरह खत्म हो जाएगा। वाहन चालक सीधे सर्विस लेन से रैंप चढ़कर हाईवे पर जा सकेंगे। इससे न केवल व्यक्तिगत वाहन चलाने वालों को फायदा होगा, बल्कि रोडवेज की बसों और कमर्शियल वाहनों का भी कीमती समय बचेगा। इस रैंप को 6 महीने के भीतर निपटाने का टारगेट कंपनी को दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *