रामगढ़ | देश भर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का सशक्त माध्यम बनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पर चर्चा के नौंवें संस्करण के प्रसारण के दौरान छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों के बीच अपनी बातों को रखी। प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को श्री कृष्ण विद्या मंदिर में भी छात्र-छात्राओं ने प्रसारण को उत्साहपूर्वक सुना। स्कूल परिसर में 16 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से चार सौ छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को गंभीरता से सुना। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि शिक्षा का वास्तविक लक्ष्य केवल अंकों की प्राप्ति नहीं बल्कि मूलभूत अवधारणाओं की सुदृढ़ नींव का निर्माण है। उन्होंने आगाह किया कि शॉर्टकट्स, अनुमान आधारित तैयारी या पुराने प्रश्न पत्रों पर अत्यधिक निर्भरता छात्रों की बौद्धिक क्षमता को सीमित कर देती है। उन्होंने कहा कि ए आई का विवेकपूर्ण और संतुलित उपयोग अध्ययन को अधिक प्रभावी बना सकता है। अभिभावकों से भी परीक्षा पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि, बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं। तुलना और अपेक्षाओं का बोझ बच्चों के आत्मविश्वास को कमजोर करता है। मोबाइल का इंटरनेट का उपयोग ज्ञानवर्धन के लिए होना चाहिए ना कि निरर्थक व्यस्तता के लिए।


