पीएसपीसीएल का नया सर्वे:गिल, नॉर्थ हलका में लगेंगे नए ट्रांसफार्मर

लुधियाना |शहर में दिन-प्रतिदिन बढ़ती आबादी के साथ बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन कई इलाकों में आज भी पुराने ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर रूप ले लेती है। इस स्थिति को देखते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान उन क्षेत्रों की पहचान की गई, जहां सबसे ज्यादा बिजली की कटौती- लोड की समस्या आ रही है। पीएसपीसीएल के अनुसार, गिल हल्का और नॉर्थ हल्का उन प्रमुख क्षेत्रों में है, जहां आबादी बढ़ी है और पिछले पांच वर्षों में कई नई रिहायशी कॉलोनियां विकसित हुई हैं। पुराने ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक लोड होने के कारण बार-बार फॉल्ट पैदा हो रहे हैं। अत: इन इलाकों में नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है। पीएसपीसीएल के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह ने बताया कि आबादी और बिजली की मांग के अनुसार लोड को बढ़ाया जा रहा है, ताकि जिन इलाकों में सबसे ज्यादा समस्या आ रही है, वहां नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जा सकें। जगदेव सिंह ने भरोसा दिलाया, आगामी गर्मी के सीजन में लोगों को बिजली संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *