कांग्रेस के इंचार्ज जनरल सेक्रेटरी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भाजपा में देखिए वहां सीएम का टिकट भी काट दें तो भी वे पार्टी के प्रति निष्ठावान बने रहते हैं, पार्टी के लिए समर्पण से काम करते हैं। हमारे यहां विधायक का टिकट काट दो तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ लेता है और हमें ही नुकसान पहुंचाता है। सिंह यहां पीसीसी कार्यालय में महू में 27 जनवरी को होने वाली रैली के लिए समन्वय के लिए आयोजित प्रदेश भर से आए कांग्रेस नेताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा कि भाजपा के कोर ग्रुप में कहां धरने प्रदर्शन करते हैं, घर-घर जाकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करते हैं। प्रदेश कांग्रेस में संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को ग्राउंड जीरो तहसील, ब्लाक, मोहल्ला और वार्ड में जाकर लोगों से घर-घर जाकर संपर्क करना होगा। पार्टी के प्रति समर्पण भाव से काम करना होगा पद की चाहत को छोड़ना होगा तब जाकर हम मजबूत होंगे । पीसीसी में आयोजित बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव ने भी संबोधित किया। 26 की जगह अब 27 जनवरी को निकलेगी रैली
5 घंटे तक चली बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि मैं भी कार्यक्रम में शामिल होऊंगा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बोले कि अनुशासन बनाकर काम करें। बैठक में निर्णय हुआ कि 26 जनवरी को निकाली जाने वाली रैली अब 27 जनवरी को आयोजित होगी।


