भास्कर न्यूज | कोरबा आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के विधानसभा में गुरुवार को बजट सत्र के दौरान स्कूल व मंदिर के आसपास से शराब दुकानों को हटाने की घोषणा की। जिसके बाद कोरबा में ऐसी कई शराब दुकानों का हटना तय हो गया है। हालांकि प्रमुख रूप से इसके दायरे में शहर में पुराना बस स्टैंड व बालकोनगर मार्ग पर रामपुर शराब दुकान आ रहे हैं, जो मंदिर के पास संचालित है। जबकि आऊटर के ज्यादातर शराब दुकान आबादी क्षेत्र से दूर है। हालांकि पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान का कड़ा विरोध स्थानीय व्यापारियों के साथ ही कई संगठन कर रहे हैं, साथ ही आबकारी मंत्री देवांगन ने उक्त दुकान को हटाने का निर्देश भी अधिकारियों को दे दिया है। लेकिन रामपुर शराब दुकान की शिफ्टिंग अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी करीब 1 दशक से अटकी है। नई आबकारी मंत्री की घोषणा से उक्त दोनों शराब दुकानों का हटना लगभग तय हो गया है, ऐसे में उक्त शराब दुकानों की वजह से परेशान शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में गौरी शंकर मंदिर से महज 10 मीटर की दूरी पर 2 दुकान बंद शराब दुकान स्थित है। शराब दुकान से खरीदी के बाद अधिकांश शराबी मंदिर के बगल में पहुंचते हैं जहां पर नल लगा है, वहां खुलेआम बैठकर शराब पीते हैं। नशा चढ़ने पर मंदिर के आसपास ही गाली-गलौच व लोगों से मारपीट करते हैं। शराब दुकान की वजह से मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालु भी परेशान रहते हैं, महिलाओं ने तो शराब दुकान खुलने के बाद शाम के बाद मंदिर आना ही छोड़ दिया। बस स्टैंड में पहुंचने वाले यात्री और व्यावसायिक क्षेत्र में खरीदी करने वाले ग्राहक व दुकान में काम करने वाले कर्मचारी शराबियों के कारण परेशान रहते हैं। इसी वजह से 2 साल से शराब दुकान का विरोध हो रहा है।


