रायपुर में राज्य की पहली पुलिस कमिश्नर प्रणाली 23 जनवरी से लागू हो जाएगी। इसे लेकर नोटिफिकेशन की पूरी तैयारी की जा चुकी थी। इसका मसौदा भी तैयार था, जिसे विधि विभाग से अनुमोदन मिलने के बाद गृह विभाग से भी हरी झंडी मिल गई थी। इसे राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए भेजने की तैयारी थी, लेकिन इसी बीच इसे रोक दिया गया। चर्चा है कि सरकार पुलिस कमिश्नरी के क्षेत्र को बढ़ाने के पक्ष में है। यही कारण है कि नोटिफिकेशन फिलहाल जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस कमिश्नर के दायरे में अब नवा रायपुर और ग्रामीण के कुछ थानों को भी शामिल करने की तैयारी है। इसे लेकर कवायद चल रही है। अब 21 जनवरी को होने वाली कैबिनेट में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। नवा रायपुर बन सकता है नया थाना
सूत्र बताते हैं, राजधानी के शहरी इलाके के 22 थानों के साथ नवा रायपुर के थानों को पुलिस कमिश्नर प्रणाली के दायरे में शामिल किया जाएगा। नवा रायपुर को नया थाना बनाया जा सकता है। फिलहाल नवा रायपुर के इलाके राखी, माना, मंदिर हसौद और अभनपुर थाना क्षेत्र में आते हैं। चर्चा है कि इनमें से कुछ थानों को कमिश्नर सिस्टम में शामिल किया जाएगा। जिले में कुल 31 थाने, 7 चौकी और 2 विशेष थाने
रायपुर जिले में कुल 31 थाने, 7 चौकी और दो विशेष थाने (महिला और अजाक) हैं। इनमें सिविल लाइन, तेलीबांधा, देवेंद्र नगर, पंडरी, कोतवाली, गोलबाजार, गंज, मौदहापारा, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, टिकरापारा, डीडी नगर, आजाद चौक, सरस्वती नगर, आमानाका, कबीर नगर, खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, विधानसभा, खम्हारडीह, धरसींवा, तिल्दा-नेवरा, खरोरा, आरंग, मंदिर हसौद, माना, राखी, अभनपुर, गोबरा नवापारा और मुजगहन थाने हैं। वर्तमान में रायपुर में सिलतरा, सिलयारी, राजातालाब, रामनगर, चंपारण, काशीराम नगर, समोदा चौकी है, जबकि विशेष थाना के रूप में महिला और अजाक थाना है। पूरे जिले में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू करने के पक्ष में गृहमंत्री और भाजपा संगठन
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गृहमंत्री विजय शर्मा मजबूत पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू करना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने इसे लेकर फाइल भी चलाई है। वहीं, भाजपा संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारियों ने भी इसे लेकर सीएम को पत्र लिखा है। संगठन भी चाहता है कि जिले में मजबूत पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू हो और आम जनता को दो तरह की पुलिसिंग से किसी तरह की परेशानी न हो।


