भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी पुलिस ने सरकारी बिल्डिंगों की सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट रोड फ्लाईओवर पर 50 मीटर तक लोहे के एंगल लगा दिए है । पुल के साथ कोर्ट कांप्लेक्स और एनआरआई एआईजी का दफ्तर है। इससे पहले सिटी में ग्रेनेड बम धमाकों के कई घटनाएं हो चुकी है, जो विदेश में बैठे हैप्पी पशियां और जीवन फौजी ने करवाए हैं। गुमटाला में पुलिस चौकी पर आरोपियों ने फ्लाईओवर से ग्रेनेड फेंका था। इसके बाद सिटी के सभी फ्लाईओवरों पर पुलिस की गाड़ी सहित मुलाजिमों को तैनात करते हुए लोहे के एंगल के साथ चादर लगाए थे। कुछ दिनों में उस एंगल पर लोहे की चादर भी लगाई जाएगी। हालांकि 24 घंटे 3 शिफ्टों में फ्लाईओवर पर पुलिस मुलाजिम तैनात रहते हैं। ग्रेनेड हमले का सिलसिला सितंबर 2023 से शुरू हुआ था। जिसमें अमृतसर में थानों, पुलिस-चौकियों सहित मंदिर को निशाना बनाते हुए 9 ग्रेनेड हमले किए गए थे। मई तक हमले चलते रहे। विदेश रह रहे खालिस्तानी हैप्पी पशियां, जीवन फौजी और गोपी नवांशहरिया इन धमाकों की बीकेआई पर पोस्ट डालकर जिम्मेदारी लेते रहे। जिसके बाद सिटी पुलिस ने सुरक्षा में ज्यादा गिनती में मुलाजिम तैनात करते हुए फ्लाईओवरों पर यह चादर लगाने शुरू किए। बता दें कि सिटी में धमाकों के सभी मामलों की जांच एसएसओसी टीम ने की है।


