पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर बेदम पीटा:वाहनों की टक्कर के बाद युवकों ने की थी हेड कांस्टेबल से मारपीट, जेल भेजे गए तीनों युवक

कोतवाली पुलिस ने मणिपुर थाने के हेड कांस्टेबल से मारपीट करने वाले तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूरी रात थाने में बेदम पीटा। विवाद हेड कांस्टेबल की चारपहिया वाहन से युवकों की वाहन की मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ। पुलिस ने कहा कि युवकों ने हेड कांस्टेबल पर जानलेवा हमला किया। मामले में कोर्ट ने तीनों युवकों को जेल भेज दिया है। साथ ही मारपीट में आहत हेड कांस्टेबल और तीनों युवकों का दो डॉक्टरों की टीम से दुबारा मुलाहिजा कराने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक, विवाद बीती रात दो चारपहिया वाहनों में हुई मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ। मणिपुर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल सतीष सिंह अपनी स्कार्पियो से जनपदपारा में शादीघर मंडपम के पास पहुंचे थे। सतीष सिंह की स्कार्पियो वाहन की युवकों की गाड़ी से मामूली टक्कर हो गई। टक्कर में स्कार्पियो वाहन का साइड मिरर टूट गया। इसे लेकर सतीष सिंह का युवकों से विवाद हो गया। युवकों ने पीटा तो पहुंची पुलिस
विवाद के बाद युवकों ने प्रधान आरक्षक सतीष सिंह को पीट दिया। मारपीट में सतीष सिंह के नाक, माथे एवं चेहरे सहित चोटें आईं। सतीष सिंह के साथ स्कार्पियो वाहन में सवार महिला आरक्षक ने जब युवकों को बताया कि सतीष सिंह पुलिस में हैं तो युवक वहां से हट गए। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मिशन चौक निवासी तीन युवकों लालजी कुशवाहा, प्रद्युमन कुशवाहा एवं आशुतोष मिश्रा को हिरासत में ले लिया। उनके दो साथी पकड़ में नहीं आए। रात को थाने में बेदम पीटा, शरीर पर पड़े निशान
हिरासत में लिए गए युवकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि तीनों को कोतवाली थाने में पुलिसकर्मियों ने रातभर बेदम पीटा। युवकों से मिलने के लिए परिजन थाने पहुंचे तो उन्हें मिलने भी नहीं दिया गया। सोमवार को दोपहर बाद जब युवकों को एमएलसी के लिए कोतवाली पुलिस लेकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंची। परिजनों ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों युवकों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने मारपीट की सूचना परिचितों को दी तो बड़ी संख्या में युवक न्यायालय परिसर पहुंच गए। छावनी में तब्दील कर कोर्ट में पेश किए गए युवक
पुलिस ने तीनों युवकों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट में हंगामें की स्थिति की आशंका को देखते हुए बड़ी संख्या में फोर्स तैनात कर दिया था। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के कारण कोर्ट में कोई विवाद नहीं हुआ। तीनों आरोपियों को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा जानलेवा हमला हुआ
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि सतीष सिंह वारंटी पतासाजी में निकले थे। युवकों के सतीष सिंह पर जानलेवा हमला किया है। मामले में पुसिल ने आरोपियों के खिलाफ 296, 351(3), 221, 121(1),109, 3(5) बीएनएस का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मारपीट में घायल सतीष सिंह आईसीयू में भर्ती हैं। कोर्ट ने दिया दोबारा मुलाहिजा का आदेश
मामले में कोर्ट ने तीनों युवकों को आई गंभीर चोट को देखते हुए दो डॉक्टरों की टीम से दोबारा उनका मुलाहिजा कराने का आदेश दिया है। साथ ही कथित रूप से गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल का भी दुबारा मुलाहिजा कर रिपोर्ट पेश करने कहा है। जेल भेजे गए युवकों में से दो स्टूडेंट हैं। एक आरोपी कहीं काम करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *