अशोकनगर में सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस ने एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की। शुक्रवार की शाम गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। यातायात पुलिस ने वीडियो के माध्यम से दिखाया कि कैसे लापरवाह वाहन चालक दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। विशेष रूप से नशे में वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक सवारियां बिठाने और बिना हेलमेट के वाहन चलाने जैसी गंभीर लापरवाही पर प्रकाश डाला गया। एक महीने तक चलेगा अभियान
यातायात थाना प्रभारी स्नेहा ठाकुर ने बताया कि बढ़ते हादसों को देखते हुए एक महीने का विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में रोज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जागरूकता रथ के माध्यम से बैनर-पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। इस अवसर पर सूबेदार अजीत सिंह सहित पूरी यातायात टीम मौजूद रही। सुरक्षित यात्रा के तरीकों से अवगत कराना उद्देश्य
पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और उन्हें सुरक्षित यात्रा के तरीकों से अवगत कराना है। यह अभियान शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।


