पुसौर | पुसौर की प्रतिभाशाली छात्रा प्रविषा कसेर का चयन केंद्र सरकार द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पॉर्टेंस का दर्जा प्राप्त नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च नाइपर हैदराबाद में हुआ है। वे यहां एमटेक फार्मास्युटिकल टेक्नोलॉजी–प्रोसेस केमिस्ट्री की पढ़ाई कर रही हैं। प्रविषा ने पूर्व प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक तक की स्कूली शिक्षा अभिनव विद्या मंदिर पुसौर में पूरी की। इसके बाद उन्होंने रायगढ़ कॉलेज ऑफ फार्मेसी से फार्मेसी की शिक्षा प्राप्त की। कॉलेज के शंभू सर के मार्गदर्शन में उन्होंने जीपीएटी परीक्षा क्वालिफाई की और जेईई में ऑल इंडिया 136वीं रैंक हासिल की। गौरतलब है कि देशभर में कुल सात नाइपर संस्थान संचालित हैं, जो रसायन और उर्वरक मंत्रालय भारत सरकार के अधीन हैं। इन संस्थानों में एमएस और एमटेक पाठ्यक्रम के लिए कुल 724 सीटें उपलब्ध रहती हैं। प्रविषा कसेर सेवानिवृत्त शिक्षक वृंदावन कसेर की पोती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर अभिनव शिक्षण समिति पुसौर के सभी शिक्षक–शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।


