सिटी रिपोर्टर | जमशेदपुर हर शनिवार को डीसी अनन्य मित्तल समेत सभी नोडल पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड में चल रही योजनाओं का जायजा लेते हैं। इस शनिवार डीसी ने साकची बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी स्कूल परिसर में शिक्षा विभाग की ओर से संचालित होने वाले पुस्तकालय का निरीक्षण किया। वहीं, नोडल पदाधिकारी प्रखंड मुख्यालय में स्थित आवासीय विद्यालय का जायजा लिया। पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान एसडीओ शताब्दी मजूमदार व शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान डीसी ने पुस्तकालय में पुस्तकों का रख-रखाव , प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकों की उपलब्धता, बच्चों के उपस्थिति आदि की जानकारी ली। डीसी ने बताया कि पुस्तकालय को कैसे बेहतर किया जा सकता है। पुस्तकालय का संचालन नि:शुल्क किया जाता है। वर्तमान में दो बड़े हॉल में पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा है। इसमें 40-50 विद्यार्थी प्रतिदिन आते हैं। पुस्तकालय के आधारभूत संरचना को और बेहतर करने के लिए और बच्चों की सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के संबंध में और क्या-क्या सुधार किया जा सकता है, इस संबंध में डीसी ने डीएसई को आवश्यक आदेश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पुस्तकालय की सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाए। शनिवार को सभी प्रखंडों के नोडल पदाधिकारियों ने आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में छात्रावास की भौतिक स्थिति- संरचना, छात्रावास की क्षमता, निवासरत छात्र-छात्राओं की संख्या, रंग रोगन है या नहीं, सफाई व्यवस्था, कमरा चौकीदार व सुरक्षा गार्ड की उपस्थिति की जांच की। आईटी़डीए परियोजना निदेशक दीपांकर चौधरी ने घाटशिला, एनईपी निदेशक संतोष गर्ग ने गुड़ाबांधा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुमारी ने जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में स्थित आवासीय विद्यालयों की जांच की।


