भास्कर न्यूज | कवर्धा सकल जैन श्री संघ कवर्धा ने भगवान महावीर के 2624वें जन्म कल्याणक पर गुरुवार को शोभायात्रा निकाली। इस दौरान स्कूटी रैली सबसे आगे रही। बालिकाएं स्कूटी पर सवार होकर बैंड की मधुर धुन के साथ चल रही थीं। भगवान महावीर की पवन डोली को श्रद्धालु पूजा के वस्त्र पहन कर कंधे पर उठाए हुए थे। श्रावक और श्राविकाएं भक्ति गीत गा रहे थे। शोभायात्रा के दौरान युवाओं का जोश देखते ही बनता था। गुरुवार सुबह स्थानीय जैन मंदिर से शोभायात्रा की शुरुआत हुई। मंदिर से निकल कर शोभायात्रा ऋषभ देव चौक, गुरुनानक चौक, वीर स्तंभ चौक होते हुए नगर भ्रमण किया। शोभायात्रा में सकल जैन श्री संघ कवर्धा के सभी लोग शामिल हुए। बच्चे जहां ध्वज लिए उत्साह में दिख रहे थे। वहीं बालिकाएं भी स्कूटी पर शोभायात्रा में आगे-आगे चल रही थीं। रैली के मार्ग पर अन्य समुदायों ने भी स्वागत किया। भक्ति संध्या में दी प्रस्तुति: भगवान महावीर जयंती पर सकल जैन श्री संघ की ओर से गुरुवार शाम 7.30 बजे भक्ति संध्या आयोजित की गई। इसमें भगवान महावीर के उपदेशों का बखान किया गया। नाट्य प्रस्तुति भी हुई। सामूहिक गौतम प्रसादी ग्रहण की, प्याऊ घर खोला नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा का समापन जैन मंदिर परिसर में हुआ। वहां पूजन के बाद सभी ने सामूहिक गौतम प्रसादी ग्रहण की। गौरतलब है कि भगवान महावीर के 2624वें जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल से विभिन्न आयोजन किए गए। सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ घर खोला गया। क्षय रोगियों को निशुल्क पोषण किट वितरण किया गया। इसी तरह के अन्य समाज सेवा के कार्य किए गए। संपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में बिहार सेवा दल कवर्धा, शांति विजय मंडल और पूरे समाज का विशेष योगदान रहा। रात्रि में प्रभु की महाआरती का आयोजन हुआ। भक्ति भाव से भरा यह दृश्य मन को छू गया। 10 दिवसीय कार्यक्रम में लोक कल्याण के लिए विभिन्न मंडलों का योगदान उल्लेखनीय रहा।


