भास्कर न्यूज | अंबिकापुर अंबिकापुर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह में शहर के विभिन्न हिस्सों से आए 50 से अधिक वरिष्ठ कांग्रेस सदस्यों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। सिंहदेव ने प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकर्ताओं के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में भाजपा सरकार की नाकामियों पर जोर दिया गया। आरोप लगाया गया कि धान खरीदी योजना में किसानों को वादे के अनुसार लाभ नहीं मिल रहा है, महतारी वंदन योजना की आधी महिलाओं तक पहुँच नहीं हुई और एक लाख नौकरियों का वादा पूरी तरह विफल रहा। बिजली बिल हाफ योजना की समाप्ति, बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के कारण आम जनता पर बोझ बढ़ा। संदेश में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि पर चिंता जताई गई। साथ ही मनरेगा में किए गए बदलाव को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए हानिकारक बताया गया। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि प्रदेश सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, डॉ. अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, सत्येंद्र तिवारी, रामविनय सिंह, मो. इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, मधु दीक्षित, हेमंत तिवारी, इरफान सिद्दीकी, एपी. सांडिल्य, दुर्गेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।


