बलौदाबाजार में पुलिस और चिकित्सा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा MEDLIPER पोर्टल पर मेडिको-लीगल रिपोर्ट्स के ऑनलाइन अपलोड में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर पुलिस कार्यालय सभा कक्ष में हुई इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी शामिल हुए। तकनीकी कठिनाइयों पर विचार चर्चा का मुख्य विषय सीसीटीएनएस परियोजना के तहत संचालित MEDLIPER पोर्टल पर एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) और पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स को समय पर अपलोड करने में आ रही व्यावहारिक और तकनीकी कठिनाइयां थीं। एसपी भावना गुप्ता ने बैठक में कहा कि यह पोर्टल पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने और आरोपियों को सजा तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट्स में अनावश्यक देरी से आरोपी पक्ष को फायदा मिल सकता है, इसलिए दोनों विभागों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। समाधान की दिशा में हुई पहल एसपी ने सभी अधिकारियों से इस प्रक्रिया में तेजी लाने का आह्वान किया। इस बैठक के माध्यम से हस्तचालित प्रक्रिया से डिजिटल प्रणाली में संक्रमण के दौरान उत्पन्न चुनौतियों के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल की गई है।


