निवाड़ी के पृथ्वीपुर कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में बीच सड़क मारपीट हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने झगड़ा रोकने के बजाय उसका वीडियो बनाते रहे। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। एक युवक को सड़क पर पटक-पटककर पीटा घटना रविवार दोपहर की है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ही परिवार के सदस्य एक-दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसा रहे हैं। एक युवक को सड़क पर पटक-पटककर पीटा जा रहा है। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की आक्रामकता के कारण कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। दूरी बनाकर खड़े रहे पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पुलिस टीम मौजूद थी, लेकिन उन्होंने झगड़ा रोकने के लिए कोई गंभीर कोशिश नहीं की। इसके बजाय, कुछ पुलिसकर्मी दूरी बनाकर खड़े रहे और मोबाइल से मारपीट का वीडियो बनाते दिखे। पुलिस की इस कार्यशैली पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है और इसे लापरवाही बताया है। दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज कस्बे में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट और शांति भंग के आरोप में प्रकरण दर्ज करने की बात कही जा रही है।


