पेंचवेली एक्सप्रेस को गोंदिया तक होगा विस्तार:दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भेजा प्रस्ताव; यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इंदौर से नैनपुर तक चलने वाली पेंचवेली एक्सप्रेस को बालाघाट के रास्ते गोंदिया तक विस्तारित करने का प्रस्ताव पश्चिम रेलवे को भेजा है। यह विस्तार जिले के रेलयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्तमान में, यह ट्रेन इंदौर से दोपहर 1:05 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:30 बजे नैनपुर पहुंचती है। इसके बाद, ट्रेन दिनभर पाद्रीगंज स्टेशन या मंडला के बाहरी क्षेत्र में खड़ी रहती है और शाम 7 बजे नैनपुर से इंदौर के लिए रवाना होती है। लंबे समय से स्थानीय लोग इस ट्रेन को बालाघाट या गोंदिया से चलाने की मांग कर रहे थे। बिलासपुर जोन सदस्य मोनिल जैन ने बताया कि जिले में रेलवे सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पेंचवेली ट्रेन को गोंदिया तक विस्तारित करने की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती दिख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोंदिया में रखरखाव और मेंटेनेंस की सुविधाओं को देखते हुए इस विस्तार का सैद्धांतिक तौर पर संभव होना बताया गया है। मोनिल जैन ने बताया है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर की बैठकों, प्रस्तावों और पत्रों के माध्यम से इस संबंध में कई बार प्रयास किए गए। रेलवे ने जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस विस्तार का अहम प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा है। उन्हें उम्मीद है कि ट्रेन का विस्तार जल्द ही हो जाएगा। पेंचवेली एक्सप्रेस का गोंदिया तक विस्तार होने से बालाघाट जिले के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में, बालाघाट से भोपाल और इंदौर जाने वाले लोगों को, जो शासकीय कार्य या पढ़ाई के लिए यात्रा करते हैं, सीधी रेल सुविधा नहीं मिलती थी। उन्हें बसों में महंगे किराए पर यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ता था। इस विस्तार से जिले के रेलयात्रियों को सीधी और सुलभ रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी यात्रा आसान और किफायती हो जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *