भास्कर न्यूज | जालंधर/किशनगढ़ पेंडू मजदूर यूनियन पंजाब की ओर से डेलीगेट्स की बैठक रविवार को घुग्गशोर में हुई। यूनियन की 11 सदस्यीय क्षेत्र स्तरीय कमेटी का चुनाव हुआ। इसमें केएस अटवाल को प्रधान, सरबजीत कौर कुदोवाल को सचिव, सुखविंदर सुख को प्रेस सचिव और परमजीत कुमार को वित्त सचिव चुना गया। वहीं बलविंदर कौर, परमजीत कौर, गोबिंदा, अमरीक काला खेड़ा, बलबीर सिंह और बलविंदर कौर घुग्ग को कमेटी सदस्य बनाया गया है। बैठक की अध्यक्षता यूनियन नेताओं कश्मीर सिंह घुग्गशोर, बलविंदर कौर और बलबीर सिंह ने की। कश्मीर सिंह घुग्गशोर ने यूनियन का लाल झंडा फहराया। बैठक में बीते समय की गतिविधियों की रिपोर्ट सचिव बलवीर सिंह ने पढ़ी। नेताओं ने कहा कि यूनियन मजदूरों की मांगों को लेकर संघर्ष करेगी। मजदूर कानूनों में बदलाव कर दिहाड़ी के समय को आठ घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे करने का विरोध, जमीन की बांट को खत्म करने के लिए जमीन हदबंदी कानून लागू करने, अतिरिक्त जमीने बेजमीन मजदूरों और किसानों में बांटने, जरूरतमंदों को रिहायशी प्लॉट और मकान बनाने के लिए ग्रांट देने, लाल लकीर में रहने वालों को मालिकाना अधिकार देने और सामाजिक अत्याचार बंद करने की मांग की गई है। इसके अलावा भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध के माहौल का विरोध और अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौते और युद्ध की आशंका से बिहार लौटे प्रवासी मजदूरों के खिलाफ फैलाई जा रही गलत धारणाओं की निंदा की गई। इस मौके पर इत्तफाकी संगठनों की ओर से स्त्री जागरूकता मंच की प्रदेश नेता जसवीर कौर जस्सी और पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के प्रदेश नेता मंगलजीत पंडोरी ने एकता का संदेश दिया। पेंडू मजदूर यूनियन पंजाब की क्षेत्रीय कमेटी की नई टीम के सदस्य (दाएं) बैठक में शामिल कार्यकर्ता।


