झारखंड के पलामू में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पोते की शादी में जा रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के बरवइया निवासी मुसाफिर साव के रूप में हुई है। घटना पाटन थानाक्षेत्र के कुड़वा-बैदा मुख्य मार्ग पर हुई। मुसाफिर साव अपने नाती के साथ कमांडर जीप से पड़वा थाना क्षेत्र के लामीपतरा से मेदिनीनगर के रेड़मा स्थित ठाकुरबाड़ी जा रहे थे। जीप को उनका नाती चला रहा था। बैदाकला करमाही पुल के पास जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में मुसाफिर साव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। पाटन के जिला पार्षद संग्राम सिंह ने इस मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि बैदाकला करमाही सड़क के किनारे फ्लैंक नहीं भरा गया है। सड़क की दोनों ओर खाई बन गई है। पिछले कुछ दिनों में इसी मार्ग पर चार सड़क हादसे हो चुके हैं। पुल की ऊंचाई के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखते। पार्षद ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले संवेदक और इंजीनियर पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर बैदाकला चौक को जाम कर दिया जाएगा।


