पोषण पखवाड़े को एक जन आंदोलन के रूप में लें

भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद जिले में महिला व बाल विकास विभाग के तत्वावधान में पोषण अभियान अंतर्गत 8 से 22 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य व्यक्तिगत व सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य और पोषण संबंधी व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा है कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जिला, ब्लॉक, ग्राम व प्रत्येक केंद्र स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन आपसी समन्वय से करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं से इस अभियान को जनआंदोलन के रूप में अपनाने का आह्वान किया। पोषण पखवाड़ा के दौरान जीवन के प्रथम 1000 दिवस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही पोषण ट्रैकर में उपलब्ध बेनीफिशियरी मॉड्यूल का प्रचार-प्रसार, सी-मैम मॉड्यूल के माध्यम से कुपोषण प्रबंधन व बच्चों में मोटापे की रोकथाम के लिए स्वस्थ जीवन शैली की जागरूकता को प्रमुखता दी जाएगी। गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी सहयोगी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्व सहायता समूहों, महिला मंडलियों, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, एनएसएस और निजी व सार्वजनिक क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जनप्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं व स्थानीय निकायों की भागीदारी भी इस अभियान को प्रभावी बनाएगी। कलेक्टर ने सभी विभाग गतिविधियों का कैलेंडर अनुसार प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और इस पखवाड़े को जनहित में सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए कहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *