भास्कर न्यूज | बालोद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में भारतीय मानक ब्यूरो ने ऑनलाइन क्विज कंपटीशन और पोस्टर मेकिंग कंपटीशन कराई। पोस्टर मेकिंग कंपटीशन में प्रथम पामेंद्र को 1000 रुपए तेजस्वी साहू द्वितीय को 750 रुपए और निखिल साहू तृतीय को 500 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के मानक चिन्हों का उत्पाद प्रमाणन संबंधी, बीआईएस हॉलमार्क स्कीम से संबंधित, प्रबंध पद्धति से संबंधित, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी उत्पादन व ईको मार्क स्कीम से संबंधित मानक चिन्हों का पोस्टर में प्रदर्शन किया। जिसमें प्रमुख थीम डॉमेस्टिक एलपीजी गैसेस, डोमेस्टिक प्रेशर कुकर, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर पर आधारित था। प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने क्लब के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि छात्रों में गुणवत्ता उत्पाद की पहचान को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो ने स्कूलों में स्टैंडर्ड क्लब की स्थापना की। इसके माध्यम से उत्पादन की तकनीकी जानकारी एवं विशेषज्ञ के आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान की जाती है। स्कूलों में कक्षा गतिविधि का संचालन उत्पाद का प्रयोगशाला परीक्षण आधारित कार्यक्रम से निष्कर्ष प्राप्त किया जाता है। स्टैंडर्ड क्लब प्रभारी पुष्पांजलि पांडे ने ऑनलाइन क्विज कंपटीशन तथा क्लब द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधि आयोजन की जानकारी दी। क्लब मॉनिटर डॉली साहू ने बताया कि गतिविधि के माध्यम से हमें उत्पादों की रोचक जानकारी प्राप्त होती है। कार्यक्रम का संयोजन कंप्यूटर शिक्षक शैलेंद्री साहू ने किया।


