भास्कर न्यूज । सिमडेगा प्रखंड की गरजा पंचायत अंतर्गत ग्राम जमादोहर में शनिवार को ग्रामसभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्रामवासी सिलास डुंगडुंग ने की। इस मौके पर झारखंड जंगल बचाओ आंदोलन जनसंगठन के सिमडेगा प्रखंड प्रभारी अमृत डांग विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उपस्थित थे। ग्रामसभा को संबोधित करते हुए अमृत डांग ने कहा कि वर्तमान समय में मानवीय गतिविधियों के कारण अंधाधुंध जंगलों की कटाई हो रही है,जिससे जलवायु परिवर्तन,प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे सामुदायिक वन संसाधन और जैव विविधता को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने वन अधिकार अधिनियम का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामसभा को अपने पारंपरिक और सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण,प्रबंधन और पुनर्जीवन का कानूनी अधिकार प्राप्त है। बैठक में सामूहिक निर्णय लिया गया कि ग्रामसभा समिति को सशक्त बनाया जाएगा ।


