भास्कर संवाददाता | टीकमगढ़ 13 दिसंबर को होने वाली नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला न्यायालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रवीणा व्यास ने की। बैठक में बैंक, नगर पालिका और विभिन्न विभागों के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नोटिस तामीली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, एएसपी विक्रम सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल भदौरिया सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। न्यायाधीश व्यास ने विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा में प्रकरणों को लोक अदालत के लिए तैयार करें, जिससे अधिक से अधिक मामलों का निराकरण कराया जा सके। बैठक के बाद बीमा कंपनियों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अलग से समीक्षा बैठकी हुई। इसमें मोटर दुर्घटना दावा और वसूली प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिन मामलों में हाई कोर्ट से स्थगन आदेश नहीं है, उनमें तत्काल राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं वे प्रकरण जिनमें आपसी समझौता संभव है, उन्हें प्राथमिकता से लोक अदालत में निपटाने पर जोर दिया गया। बीमा कंपनियों के अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भी लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निराकरण के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में वरिष्ठ न्यायाधीश अय्यारफ अली, जिला न्यायाधीश राजकुमार गुप्ता, प्रणयदीप ठाकुर, वरुण पुनासे, कमलेश भरकुंदिया आदि उपस्थित रहे।


