श्री गुरुनानक सत्संग सभा कृष्णा नगर कॉलोनी का 350 और श्री गुरु सिंह सभा रांची का 71 सदस्यों के जत्थे शुक्रवार की शाम पटना साहिब के लिए रवाना हो गया। गुरु घर की सेवा और नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए श्री गुरु सिंह सभा के सदस्यों का पहले जत्था इंद्र मिड्ढा और रमेश पपनेजा के नेतृत्व में हटिया रेलवे स्टेशन से पटना के लिए रवाना हुआ। पटना साहिब रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालु श्री कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा में एकत्रित हुए और बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारे लगाते हुए हटिया स्टेशन के लिए रवाना हुए। सभा के सचिव अर्जुन देव मिड्ढा और मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने सभी श्रद्धालुओं को माला पहनकर रवाना किया। जत्थे में बुजुर्ग पुरुषों के अलावा महिलाएं भी शामिल हैं। गुरु घर के सेवक मनीष मिड्ढा ने इन श्रद्धालुओं के लिए श्री हरमंदिर साहिब पटना की केंद्रीय कमेटी से बात कर उनके ठहरने की व्यवस्था कर दी है। यह जत्था श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के 6 जनवरी को मनाए जाने वाले प्रकाश उत्सव में शामिल होने के बाद 8 जनवरी को वापस रांची पहुंचेगा।


