भास्कर न्यूज | अमृतसर/अजनाला विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ 6 फरवरी को राज्य-स्तरीय प्रकाश पर्व समारोह से किया जाएगा। यह समारोह श्री गुरु रविदास जी के चरण-स्पर्श प्राप्त पवित्र स्थल गंगा (अमृत कुंड) सच्चखंड तप स्थान एवं मीनार-ए-बेगमपुरा, श्री खुरालगढ़ साहिब में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राज्य-स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान विशेष रूप से उपस्थित होकर प्रदेश की सुख-शांति, खुशहाली, आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भावना और चढ़दी कला के लिए अरदास करेंगे। धालीवाल ने ये विचार श्री खुरालगढ़ साहिब में श्रद्धापूर्वक नतमस्तक होकर अरदास करने के उपरांत व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज का जीवन मानवता, समानता और सामाजिक एकता का संदेश देता है तथा इस पवित्र स्थल पर नतमस्तक होकर उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हुआ है।


