भास्कर न्यूज | अमृतसर झब्बाल रोड स्थित श्री गुरु अर्जुन देव इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कालेज अमृतसर में नर्सिंग छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ। समारोह के दौरान छात्राओं ने मोमबत्तियां थामकर नर्सिंग सेवा, करुणा और मानवता के प्रति समर्पण की शपथ ली, जिससे पूरे परिसर में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश गूंज उठा। कार्यक्रम में संस्थान की निदेशक राधिका चुघ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि ईएमसी अस्पताल के निदेशक डॉ. ऋषभ अरोड़ा और पल्स अस्पताल की निदेशक डॉ. समीक्षा अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। शपथ ग्रहण के दौरान छात्राओं ने मरीजों की निस्वार्थ सेवा, पेशेवर आचरण और मानवीय मूल्यों के पालन का संकल्प लिया।


