भास्कर न्यूज|लोहरदगा भक्सो कोयल नदी पर बने पुल के स्पेन नंबर 5 के नीचे दरारें आने के कारण रविवार से लोहरदगा रेलवे स्टेशन आने वाली एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों को आगे 7 जनवरी तक रद्द कर देने के बाद से एकाएक बसों और ऑटो पर लोड बढ़ गया है। सोमवार को लोहरदगा से रांची और रांची से लोहरदगा के लिए यात्रियों की भीड़ रेलवे साइडिंग स्थित अस्थाई बस स्टैंड में देखने को मिली। बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से यात्री कुडू बस स्टैंड तक और नगजुआ रेलवे हॉल्ट तक के लिए 20 से 25 किमी की दूरी ऑटो से तय करने को मजबूर दिखे। वहीं लोकल मेमो ट्रेन को रांची से नगजुआ तक ही कर दी गई। जो लोहरदगा स्टेशन तक अगले आदेश तक नहीं चलेगी। यह समय सारणी स्थिति के अनुसार बढ़ भी सकती हैं। सोमवार को ब्रिज के स्पेन पर कार्य जारी रहा। लोहरदगा रेलवे स्टेशन में किसी भी ट्रेनों के नहीं आने के बाद चारों ओर वीरानी छा गई है। स्टेशन के आसपास लगने वाली दुकानों और कैंटीन चलाने वाले लोगों के बीच समस्या उत्पन्न हो गई है। ज्ञात हो कि रविवार रांची से सुबह 9 बजे खुलने वाली लोकल मेमो ट्रेन जब उक्त पुल के समीप लगभग साढ़े 10 बजे पहुंची तो रूटीन चेकअप के दौरान स्पेन में दरारें आने की जानकारी रूटीन जांच के इंजीनियर द्वारा दी गईं। जिसके बाद समय रहते रेलवे प्रशासन को कोयल नदी पर बने रेलवे पुल के पांच नंबर पिलर के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिल गई। इसलिए रांची से आने वाली मेमू ट्रेन को पुल से पहले ही रोक कर पैसेंजर खाली करा दिया गया। जिसके बाद लोहरदगा स्टेशन तक सभी ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया। ट्रेनों के परिचालन के क्रम में बसों से प्रतिदिन डेढ़ से 200 लोग लोहरदगा से रांची, गुमला सहित अन्य जगहों के लिए आना जाना करते थे। परंतु ट्रेनों के रद्द होने के साथ डेढ़ से दो हजार लोग अब रांची तक के लिए बसों से आवागमन शुरू कर दिए है। जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। फिलहाल 7 जनवरी तक सासाराम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन की रूट बड़काकाना होकर टोरी से चलेगी।


