प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का तीन दिवसीय शक्ति संगम शुक्रवार से शुरू हो गया। दोपहर के समय प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। संगम में संघ के तीन हजार स्वयंसेवक जुटने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100वें वर्ष में प्रवेश से पहले राघौदय शक्ति संगम कार्यक्रम पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड राघौगढ़ में हो रहा है। इसमें राघौगढ़ जिले के खंड (तहसील) कुंभराज, चाचौड़ा, मधुसुदनगढ़ और राघौगढ़ के लगभग 3 हजार से अधिक स्वयंसेवक सदस्यता लेंगे। देशभर में हुई गतिविधियों के पोस्टर लगाए गए
गुना विभाग के अंतर्गत राघौगढ़ जिले का यह पहला और बड़ा शक्ति संगम का कार्यक्रम है। इसका शुभारंभ वरिष्ठ स्वयंसेवक बख्तावर सिंह, विभाग प्रचारक नितिन अग्रवाल और विभाग कार्यवाह कदम सिंह मीणा ने किया। प्रदर्शनी में देशभर में हुई संघ की गतिविधियों के पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही 1925 में संघ की स्थापना से अभी तक के इतिहास को दर्शाया गया है। इसके अलावा अहिल्या बाई होलकर के त्रि शताब्दी जयंती वर्ष के बारे में भी दर्शाया गया है। वहीं राघौगढ़ जिले के पुराने कार्यकर्ताओं की जीवनी के पोस्टर भी लगाए गए हैं। कल निकाला जाएगा पथ संचलन
आयोजन के दूसरे दिन, कल (शनिवार) राघौगढ़ नगर में स्वयंसेवकों का पथ संचलन निकाला जाएगा। इस तीन दिवसीय शक्ति संगम का समापन रविवार को शिविर स्थल पर शारीरिक प्रदर्शन के साथ होगा। दोनों ही दिन बौद्धिक भी होंगे। संघ के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी इसमें बौद्धिक देने के लिए आएंगे।


