रीवा में पूर्व मंत्री की बिल्डिंग ढहाई, तहसीलदार बोले-अतिक्रमण था:कार्रवाई का विरोध कर रहे एडवोकेट को उल्टा लटकाकर ले गई पुलिस

रीवा में शुक्रवार शाम को अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रहे एडवोकेट को पुलिस उल्टा लटकाकर साथ ले गई। मामला ​​​​​​जिले के नीम चौराहे का है। तहसीलदार शिव शंकर शुक्ला, थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा और नगर निगम की टीम संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। तहसीलदार ने कहा कि सड़क चौड़ी करण होना है इसलिए कार्रवाई की गई। विरोध करने पर प्रशासन ने पहले समझाया लेकिन जब एडवोकेट संदीप द्विवेदी नहीं माने तो पुलिस उनके हाथ-पैर पकड़ कर उल्टा लटकाकर साथ ले गई। कुछ और लोग विरोध करने पहुंचे तो पुलिस ने उन पर बल प्रयोग भी किया। कुछ देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि जिस निर्माण को ढहाया गया था वह अतिक्रमण पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता रहे बिंद्रा प्रसाद साकेत का था। हटाने के बाद दोबारा किया था अतिक्रमण
जानकारी के अनुसार, मनखरी रोड स्थित नीम चौराहे पर एक बिल्डिंग पर नगर निगम ने बीते दिनों कार्रवाई की थी, जिसे नगर निगम की टीम ने जेसीबी से गिरा दिया था। तब भी भारी विवाद की स्थिति देखने को मिली थी। लेकिन उसी जमीन पर परिवार ने दोबारा टीन शेड बना लिया गया। जिसे गिराने के लिए दोबारा पुलिस कर्मी, नगर निगम की टीम और तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचे थे। एडवोकेट संदीप द्विवेदी ने निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाया, कहा कि मामला अभी कोर्ट में है और सरकारी खाते में दर्ज नहीं है। उसके बाद भी इसे हटाया जा रहा है। वहीं पूर्व मंत्री बिंद्रा प्रसाद साकेत की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि मकान को जबरन तोड़ा जा रहा है। तहसीलदार बोले- सब कुछ नियम संगत हुआ
इधर, तहसीलदार शिव शंकर शुक्ला का कहना है कि अतिक्रमण कर मकान बनाया गया था, इसलिए गिराया गया। सब नियम संगत तरीके से किया जा रहा है, जो लोग सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे थे, पुलिस ने उन्हें यहां से हटाया। सड़क चौड़ीकरण के कार्य के लिए कार्रवाई की जा रही है, अगर किसी को समस्या है तो वह न्यायालय में जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *