भास्कर न्यूज|रामगढ़ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के रामगढ़ जिला मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो और सुरेंद्र कुमार महतो के नेतृत्व में पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत पतरातू टोकीसूद के बीच रेल ओवर रेल(आरओआर) लाइन का निर्माण से प्रभावित होने वाले गांवों की समस्या को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डुमरी विधायक जयराम महतो से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा। इस पर जयराम ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस रेलवे निर्माण से होने वाले समस्या को केंद्र को भी अवगत कराएंगे। प्रभावित लोगों ने कहा कि परियोजना के लिए ग्राम किरीगड़ा,टोकीसूद, टेरपा व सांकुल की जमीन को सरकार द्वारा अधिग्रहण की जाने वाली भूमि का प्लानिंग नक्शा देखने से पता चला कि नक्शा के अनुसार यदि हम लोगों की जमीन सरकार द्वारा अधिग्रहण किया जाता है तो सभी ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। एक गांव से दूसरे गांव का आवागमन बाधित के साथ साथ खेती-बाड़ी बाधित हो जाएगी। गांव के चारों तरफ रेलवे लाइन बिछने से गांव के लोगों को काफी नुकसान व रैयतों की आवश्यकता से अधिक जमीन अधिग्रहण में चला जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में अरविंद सिंह, कामेश्वर साहू, राहुल सिंह, सुरेंद्र महतो, भूपेंद्र कुमार, शत्रुघन कुमार, प्रीतम कुमार ,सुजीत कुमार सिंह के अलावा अनेक लोग शामिल थे।


