छतरपुर में एक प्राथमिक शिक्षक पुष्पेंद्र अहिरवार को सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के लिए शनिवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छतरपुर द्वारा की गई है, जिसमें शिक्षक पर शासकीय निर्देशों की अवहेलना का आरोप है। नोटिस में बताया गया है कि कलेक्टर छतरपुर के निर्देश पर शीतकालीन शीतलहर के कारण नर्सरी से कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया था। इस अवधि में शिक्षकों को आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, डडिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बछौन के प्राथमिक शिक्षक पुष्पेंद्र अहिरवार ने फेसबुक पर एक टिप्पणी की। इस टिप्पणी को वरिष्ठ कार्यालय द्वारा जारी आदेशों के प्रति असहमति और शासन के निर्देशों की अवहेलना माना गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और वर्गीकृत नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के प्रावधानों का उल्लंघन है। शिक्षक से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।


