प्री डी.एल.एड. परीक्षा 2025 में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इसको लेकर आरोपी हरिओम पुत्र सुरेशचंद नाई, निवासी गांव अतरोली थाना दिहौली, जिला धौलपुर एवं सोनू कुन्तल निवासी धौलपुर के खिलाफ परीक्षा में छलकपट करने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। खांडा फलसा थाने में जीरो नंबर की FIR दर्ज की गया है, जिसे धौलपुर के कोतवाली थाने ट्रांसफर किया गया है। आरोप है कि 1 जून 2025 को धौलपुर स्थित पीजी महारानी गर्ल्स कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सोनू कुन्तल की आईडी पर हरिओम ने अपना फोटो लगाकर परीक्षा दी। इस काम के लिए सोलू कुन्तल से 23 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें से 500 रुपये पहले लिए गए और शेष रुपये उत्तर कुंजी (Answer Key) दिखाने के बाद देने की बात कही गई। लेकिन परीक्षार्थी को केवल 375 अंक ही मिले और कॉलेज आवंटित नहीं हुआ। इसके बाद शेष राशि देने से इंकार कर दिया गया। मामले में आरोपियों पर राजस्थान की परीक्षा प्रणाली में अनुचित साधनों का प्रयोग कर छलकपट करने का आरोप है। इस संबंध में जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के खांडा फलसा थाने में जीरो नम्बर की एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे नियमानुसार अग्रिम अनुसंधान के लिए कोतवाली थाना धौलपुर स्थानांतरित किया गया है।


