बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर सोमवार की रात एलटीटी–हटिया एक्सप्रेस खड़ी थी जबकि प्लेटफार्म के डिजिटल डिस्पले बोर्ड पर दूरंतो एक्सप्रेस का नंबर डिस्प्ले होता रहा। इससे दौड़ते भागते प्लेटफार्म पर पहुंचे यात्रियों को खासी परेशानी हुई। सभी लोग डिस्प्ले पर ट्रेन व कोच नंबर देखकर प्लेटफार्म पर मूवमेंट करते हैं। कंफ्यूजन की वजह से कुछ लोगों की ट्रेन छूटते हुए बची। लोकमान्य तिलक टर्मिनल मुंबई से हटिया जा रही ट्रेन नंबर 12811 सोमवार को शाम 7.55 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंची। ट्रेन अपने निर्धारित समय से 10 मिनट पहले प्लेटफार्म पर आकर खड़ी हो गई। इस ट्रेन में सवार होने वाले यात्री प्लेटफार्म पर ही खड़े रहे क्योंकि प्लेटफार्म के कोच इंडिकेशन डिजीटल डिस्प्ले बोर्ड 12262 हावड़ा–मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस का नंबर डिस्प्ले हो रहा था। ट्रेन के प्लेटफार्म पर खड़ा होने के कुछ मिनट बाद यात्रियों को उनकी ट्रेन आने का पता चला तो वे हड़बड़ी में अपने कोच की तरफ भागे। डिस्प्ले में कोच नंबर भी गलत दिखा रहा था। हटिया एक्सप्रेस बिलासपुर से आकर चली गई और डिस्प्ले में उसका नंबर भी नहीं दिखाया। कुछ यात्री दौड़ते भागते हटिया एक्सप्रेस पकड़ने प्लेटफार्म पर पहुंचे। बिलासपुर रेल मंडल के अफसर-कर्मचारियों की लापरवाही के चलते हटिया एक्सप्रेस पकड़ने रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। डिस्प्ले में कोच नंबर नहीं दिखने के कारण उन्हें अनावश्यक दौड़भाग करनी पड़ी।


