फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा शुरू:लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे, श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ, सीएम मान होंगे नतमस्तक, 27 को समापन

फतेहगढ़ साहिब में माता गुजर कौर जी और छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी तथा बाबा फतेह सिंह जी की शहादत को समर्पित शहीदी सभा शुरू हो गई है। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री ज्योति सरूप साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किए गए। गुरुद्वारा श्री ज्योति सरूप साहिब वह पवित्र स्थान है, जहां माता गुजर कौर जी और छोटे साहिबजादों का अंतिम संस्कार किया गया था। सिख इतिहास में इस भूमि का विशेष महत्व है और इसे दुनिया की सबसे महंगी तथा पवित्र भूमि के रूप में जाना जाता है। सिख इतिहास के अनुसार, दीवान टोडर मल जी ने इस स्थान को खरीदने के लिए सोने के सिक्के बिछाए थे। इसका उद्देश्य माता गुजर कौर जी और छोटे साहिबजादों का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान और मर्यादा के साथ सुनिश्चित करना था। यह घटना सिख कौम के त्याग और बलिदान का प्रतीक है। 27 दिसंबर को डाला जाएगा भोग गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी भाई अतर सिंह ने बताया कि आज सुबह श्रद्धापूर्वक श्री अखंड पाठ साहिब शुरू किए गए। इन पाठों का भोग 27 दिसंबर को सुबह करीब 6 बजे डाला जाएगा। इसके बाद, 27 दिसंबर को सुबह 9 बजे गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से एक नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह नगर कीर्तन धार्मिक मर्यादा के साथ विभिन्न मार्गों से होता हुआ गुरुद्वारा श्री ज्योति सरूप साहिब पहुंचेगा। इसमें पांच प्यारों की अगुवाई में कीर्तन और शबद गायन होगा। दोपहर करीब 1 बजे गुरुद्वारा श्री ज्योति सरूप साहिब में समापन अरदास की जाएगी। शहीदी सभा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालु माता गुजर कौर जी और छोटे साहिबजादों की अद्वितीय शहादत को नमन करेंगे और गुरु इतिहास से सत्य, साहस तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *