फरीदकोट के गांव सुखनवाला में एक किसान के घर में चोरी की घटना सामने आई है। चोर अलमारी का ताला तोड़कर साढ़े 5 तोले सोने के आभूषण और 1.60 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जानकारी के अनुसार सोमवार रात गांव सुखनवाला में किसान राज सिंह के घर में दाखिल हुए अज्ञात लोगों ने कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर सोने के आभूषण व नकदी चुराई और फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सुबह उठने पर चोरी का पता चला सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्य शुरू किया, साथ ही डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जानकारी देते हुए किसान राज सिंह और अन्य परिजनों ने बताया कि सुबह जब वे उठे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। चेक करने पर पता चला कि घर से सोने के आभूषण व नकदी गायब थी। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई राज सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


