फरीदकोट में जिला पुलिस ने एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में ‘युद्ध नसियां विरुद्ध’ मुहिम रविवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रखी। इस दौरान पुलिस द्वारा जिले के एसपी जसमीत सिंह और डीएसपी जतिंदर सिंह की अगुआई में कोटकपूरा की इंदिरा कॉलोनी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घरों को ताले लगाकर परिवार गायब इस कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से पुलिस की सख्ती का असर देखने को मिल रहा है और यहां नशा तस्करी में लिप्त परिवार अपने-अपने घरों को ताले लगाकर गायब हो चुके हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोग भी राहत महसूस कर रहे हैं और उन्होंने पुलिस का आभार जताते हुए इस मुहिम को सख्ती के साथ ही जारी रखने की अपील की है। 30 से भी ज्यादा नशा तस्कर गिरफ्तार फरीदकोट जिले में पुलिस पिछले एक सप्ताह से ही एक्शन मोड़ में दिखाई दे रही है, जिसके तहत 30 से भी ज्यादा नशा तस्कर गिरफ्तार किया जा चुके हैं। एक दिन पहले शनिवार को राज्य स्तरीय मुहिम के दौरान भी फरीदकोट पुलिस ने नशा तस्करी और संगठित अपराध के 9 केस दर्ज करते हुए 18 बदमाशों को गिरफ्तार किया। जिसमें भारी मात्रा में नशीली गोलियां, हेरोइन व अवैध हथियार भी बरामद किए गए। संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी इसी मुहिम को जारी रखते हुए रविवार को कोटकपूरा की इंदिरा कॉलोनी में एसपी जसमीत सिंह व डीएसपी जतिंदर सिंह की अगुआई में दबिश दी गई और संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ली गई। क्षेत्र में आने जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई और कुछ को हिरासत में भी लिया गया। पुलिस की कार्रवाई से नागरिक संतुष्ट इस मौके पर इंदिरा कॉलोनी के नागरिकों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई और कहा कि इससे पहले यहां पर नशेड़ी लोगों का आना जाना लगा रहता था और लोग दहशत में रहते थे। उन्होंने पुलिस से मुहिम को भविष्य में भी जारी रखने की अपील की है ताकि लोगों को राहत महसूस हो सके। एसपी ने मांगा नागरिकों का सहयोग इस मौके पर एसपी जसप्रीत सिंह ने कहा कि नशा तस्करी के लिए बदनाम क्षेत्रों में खास निगरानी रखी जा रही है और लगातार सर्च किया जा रहा है। किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग करने का आहवान किया।


