फरीदकोट मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने की हड़ताल:सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के खिलाफ धरना, MLA सेखों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

फरीदकोट में आज डॉक्टरों और कर्मचारियों ने दो घंटे की हड़ताल की। बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के अधीन गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में रोष धरना दिया। उन्होंने पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर झूठी वीडियो वायरल कर अस्पताल को बदनाम कर रहे लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना के बाद फरीदकोट से आप विधायक गुरदित्त सिंह सेखों भी धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेकर ठोस कार्रवाई करवाने का भरोसा दिलाया। इस मौके प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने बताया कि कुछ लोग अस्पताल में आकर एक पक्षीय वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं और अस्पताल को बदनाम किया जा रहा है। न तो किसी मरीज और न ही उनके परिजन को शिकायत हैं, लेकिन बाहरी लोग झूठी वीडियो वायरल करके छवि खराब करते है। हाल ही में कूड़े के ढेर से एक्सपायर दवाएं व मेडिकल वेस्ट मिलने पर भी बिना किसी तथ्य के मेडिकल कॉलेज अस्पताल की छवि को धूमिल किया गया, जबकि जांच में यह सामान एक निजी मेडिकल स्टोर का पाया गया है। उन्होंने 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर वायरल वीडियो डिलीट करवाने व कार्रवाई की मांग रखी। सीएम तक पहुंचाई जाएगी डॉक्टरों की सभी मांगें- विधायक सेखों
इस मौके पर विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि पंजाब सरकार डॉक्टरों के साथ खड़ी है और किसी को भी उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उनकी सभी मांगों को सीएम भगवंत मान तक पहुंचाया जाएगा और योग्य कार्रवाई होगी। विधायक सेखों ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि दुष्प्रचार करने वाला फरीदकोट का व्यक्ति न तो आप नेता है और न ही किसी पद पर है। सिर्फ सीएम मान या आप प्रमुख केजरीवाल के फोटो पोस्ट करने से कोई नेता नहीं बन सकता। नेता बनने के लिए व्यक्ति को जनता के बीच जाकर उनकी मुश्किलें समझनी होगी। नेगेटिव पोस्ट डालकर जनता की भलाई नहीं की जा सकती।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *