प्रतापगढ़ पुलिस ने फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी महिलाओं की तस्वीरें दिखाकर लोगों को ठगते थे। पुलिस ने इनके पास से एक कार, तीन मोबाइल फोन, दस एटीएम कार्ड और आठ सिम कार्ड जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार जाखड़ के मार्गदर्शन में की गई। सुहागपुरा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने थानाधिकारी मनीष वैष्णव के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोका। तस्वीरें दिखाकर करता था ठगी कार की तलाशी के दौरान उसमें बैठे दो व्यक्तियों के पास से तीन मोबाइल, विभिन्न बैंकों के दस एटीएम कार्ड और आठ सिम कार्ड बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश पटेल (30) पुत्र देवेंग, निवासी खुदरडा, थाना आसपुर, जिला डूंगरपुर और प्रकाश पटेल (25) पुत्र मानजी, निवासी दाद, थाना आसपुर, जिला डूंगरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आम लोगों को लड़कियां उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। वे इंटरनेट से मॉडल लड़कियों की तस्वीरें डाउनलोड कर पीड़ितों को भेजते थे और फिर क्यूआर कोड व यूपीआई के माध्यम से पैसे लेते थे। पुलिस टीम ने उनके मनी ट्रांसफर ऐप्स (फोनपे, पेटीएम, गूगलपे) और टेलीग्राम की जांच की। जांच में पता चला कि आरोपी इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर फर्जी रजिस्ट्रेशन कर एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर के लोगों से धोखाधड़ी करते थे। ठगी गई रकम को वे फर्जी खातों में डलवाकर आपस में बांट लेते थे। फर्जी सिम और एटीएम कार्ड का उपयोग कर धोखाधड़ी करने के आरोप में सुहागपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


