भास्कर न्यूज| महासमुंद छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम पलसापाली बैरियर के पास घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो अपनी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था। बसना पुलिस ने बताया कि 18 जनवरी को बसना पुलिस पलसापाली बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की बाइक (सीजी 04 पीएन 1215) पर सवार युवक पुलिस को देखकर यू-टर्न लेकर भागने लगा। पुलिस को देखकर चालक ने बाइक पर नियंत्रण खो दिया और बाइक गिरकर वह घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 21.620 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त सामग्री में 21.620 किलोग्राम अवैध गांजा, बाइक 4 नग फर्जी प्लेट्स (ओडिशा पासिंग) पुलिस ने जब्त की है। बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में उत्तर प्रदेश के लिंक गुड्डू तिवारी की तलाश में जुट गई है। फर्जी नंबर प्लेट का जखीरा बरामद किया गया पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो युवक ने बाइक के पीछे सफेद बोरी में गांजा होने की बात कबूल की। तलाशी के दौरान बाइक की डिग्गी से चार अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट (ओडी 31 केएल 1234 और ओडी 30 एफ 2911) बरामद किए। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस की नजरों से बचने के लिए रास्ते में अपनी बाइक के नंबर प्लेट बदल देता था।


