फलोदी जिले के चाखू थाना पुलिस ने खाजूसर में हुई नकबजनी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी के 4 लाख 90 हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस को खाजूसर निवासी पठान खां ने शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 2025 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर 7 लाख 35 हजार रुपए चुरा लिए थे। एसपी पूजा अवाना ने बताया कि जोधपुर रेंज के आईजी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन खुलासा’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वृताधिकारी अचलसिंह देवड़ा के मार्गदर्शन में चाखू थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने खाजूसर के सिकन्दर और नारायणपुरा के रमजान खां को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 4 लाख 90 हजार रुपये और मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक और आरोपी शामिल है, जिसकी तलाश जारी है।


