फाजिल्का जिले में अबोहर स्थित गांव पट्टी बीलां में आज सुबह एक निजी स्कूल की वैन की टक्कर से 68 वर्षीय बाइक सवार बलदेव सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद वैन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पट्टी बीलां निवासी बलदेव सिंह रोज की तरह सुबह अपनी बाइक पर गांव से गुजरती नहर पर पक्षियों को दाना डालने जा रहे थे। इसी दौरान गांव खुईयां सरवर में बने एक निजी स्कूल की वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। श्रीगंगानगर अस्पताल में तोड़ा दम दुर्घटना के बाद बलदेव सिंह सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। आसपास के लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तुरंत राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने पर उनका निधन हो गया। जांच में जुटी पुलिस दोपहर को बलदेव सिंह के शव को अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। थाना खुईयां सरवर पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतक बलदेव सिंह के एक बेटा और एक बेटी है। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।


