सिंगरौली में मध्याह्न भोजन गड़बड़ी पर एक्शन की तैयारी:स्व-सहायता समूह संचालक को नोटिस, प्रशासन की ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी

सिंगरौली जिले के एक शासकीय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन में अनियमितताओं के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। दैनिक भास्कर डिजिटल में खबर प्रकाशित होने के बाद जिला पंचायत ने संबंधित स्व-सहायता समूह की संचालक को नोटिस जारी किया है। यह मामला 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़ा है। उस दिन विद्यालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए विशेष भोजन तैयार किया गया था। हालांकि, अगले दिन बच्चों को मेनू के विपरीत केवल खिचड़ी परोसी गई। भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में यह भी सामने आया था कि बच्चों को बैठाकर भोजन कराने की उचित व्यवस्था नहीं थी और निर्धारित मेनू केवल दीवार पर ही लिखा रहता था, जिसका पालन नहीं होता था। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गेमें ने गुरुवार को बताया कि वीडियो और ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर स्व-सहायता समूह की संचालक को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में पूछा गया है कि उस दिन मध्यान्ह भोजन के लिए क्या मेनू निर्धारित था और बच्चों को वास्तव में क्या भोजन परोसा गया। सीईओ जगदीश गेमें ने दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में कहा, “वीडियो में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लिया गया है। समूह के संचालक से लिखित जवाब मांगा गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित समूह को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।” इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बच्चों का कहना है कि उन्हें अक्सर मेनू के अनुसार भोजन नहीं मिलता और खाने की गुणवत्ता भी ठीक नहीं होती। भास्कर की रिपोर्ट के बाद प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि मध्यान्ह भोजन योजना में अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सभी की नजरें नोटिस के जवाब और प्रशासन की आगामी सख्ती पर टिकी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *