सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए खौफनाक साबित हुई। उत्तराखंड की 27 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पर दोस्त बने युवक ने उसे जालंधर बुलाया, जहां नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया गया और फिर उसके साथ गैंगरेप किया गया। थाना नई बारादरी पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दोस्ती न्यू दयोल नगर निवासी मनप्रीत सिंह से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि मनप्रीत ने उसे मिलने के लिए जालंधर बुलाया। युवती जब जालंधर पहुंची तो कचहरी चौक से मनप्रीत अपने जीजा और साथी रवनीत सिंह निवासी कैंट के साथ कार में उसे लेने आया। युवती का आरोप है कि कार में बैठने के दौरान उसे कोई नशीली वस्तु सुंघाई गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को कपूरथला में पाया। पीड़िता का कहना है कि बेहोशी की हालत में आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया और अपने अन्य साथियों से भी जबरन शारीरिक संबंध बनवाए। साथ ही उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। घटना के बाद युवती ने सबसे पहले कपूरथला पुलिस को शिकायत दी। वहां से मामला जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को ट्रांसफर किया गया। थाना नई बारादरी पुलिस ने मनप्रीत सिंह, उसके जीजा रवनीत सिंह और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1), 351(3), 115(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


