फोटोग्राफर की हत्या, मुख्य आरोपी सहित 3 साथी गिरफ्तार:शादी समारोह में मारी थी गोली, एक नाबालिग पहले से हिरासत में

झालावाड़ के डग कस्बे में हुई फोटोग्राफर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन अन्य आरोपियों को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक शादी समारोह में हुई थी। एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि धोली कलश कार्यक्रम के दौरान आपसी कहासुनी के बाद फोटोग्राफर शंभू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक नाबालिग आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। मुख्य आरोपी सोहेल खान पर हथियार तस्करी, मादक पदार्थ तस्करी और हत्या के प्रयास सहित 11 अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में फैजल खान उर्फ हिदायत और फारुख शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने दुकानें जला दीं, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, प्रतापगढ़ और झालावाड़ में तलाशी अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। डग थानाधिकारी पवन कुमार मीणा को लाइन हाजिर किया गया है। आगजनी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी के सांचौरेनी गांव स्थित मकान को ध्वस्त कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *