डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बंद बॉडी पिकअप से 3.50 लाख रुपए मूल्य की अवैध शराब जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। यह शराब घरेलू सामान की आड़ में तस्करी की जा रही थी। रतनपुर पुलिस चौकी प्रभारी गोविंद सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी की गई थी। पुलिस को मुखबिर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उदयपुर की ओर से आ रही एक बंद बॉडी पिकअप को रोका गया। तलाशी लेने पर पिकअप में घरेलू सामान के नीचे शराब के कार्टन भरे मिले। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत पिकअप को जब्त कर लिया और हरियाणा निवासी ड्राइवर साहिल पुनिया को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पिकअप से राजस्थान निर्मित शराब के 62 कार्टन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपए है। पुलिस आरोपी ड्राइवर से आगे की पूछताछ कर रही है।


