भास्कर न्यूज|बगोदर िगरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के दो समेत हजारीबाग और बोकारो जिले के कुल 14 प्रवासी मजदूर दुबई में फंसे हुए हैं। मजदूरों का आरोप है कि संबंधित कंपनी न तो समय पर मजदूरी कर रही है और न ही काम के घंटे तय हैं। मजदूरों से तय समय से अधिक काम लिया जा रहा है, जिससे उनके सामने रहने और खाने-पीने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। दुबई में फंसे मजदूरों ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा करते हुए भारत और झारखंड सरकार से मदद की अपील की है। ये मजदूर अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन के कार्य के लिए दुबई गए थे, लेकिन पिछले तीन महीनों से किसी को भी नियमित वेतन नहीं मिला है। आर्थिक तंगी के चलते मजदूर भोजन तक के लिए मोहताज हो गए हैं। अब सभी मजदूर सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। इधर, प्रवासी मजदूरों के फंसे होने की सूचना िमलने के बाद परिजनों की बैचेनी बढ़ने लगी है और लोगों ने गिरिडीह जिला प्रशासन से तत्काल पहल करने की मांग की है। यह वीडियो प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली को भेजा गया, जिसे उन्होंने मीडिया के साथ साझा किया। केंद्र और राज्य सरकार से मजदूरों की सकुशल वतन वापसी के लिए ठोस कूटनीतिक पहल करने की मांग की है। यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई बार प्रवासी मजदूर विदेश जाकर फंस चुके हैं और काफी मशक्कत के बाद उन्हें वापस लाया गया है। इसके बावजूद मजदूर बार-बार बेहतर कमाई की उम्मीद में विदेश जाकर शोषण का शिकार हो रहे हैं।


