भास्कर न्यूज | अंवरी सेलदीप में 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ व प्रज्ञापुराण कथा का आयोजन गायत्री परिवार द्वारा किया गया। कथावाचक परमानंद यादव ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र चेतना का सशक्त संदेश, नशा मुक्ति, यज्ञ की ऊर्जा का लाभ प्राप्त करने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सभी मातृ शक्ति अपने घरों और हर परिवार में अपने हिस्से का कर्तव्य निभाएं, तभी राष्ट्रभक्ति की मशाल प्रज्ज्वलित रह सकेगी। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि अपने बच्चों को आधुनिकता के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जोड़ें। बच्चे आज मनोरंजन में तो रुचि रखते हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति के बारे में जानकारी नहीं रखते। यह स्थिति सुधारने की जरूरत है। उन्होंने समाज को नशामुक्त, मांसाहार मुक्त और चरित्रवान बनाने के उद्देश्य से सभी से आगे आकर इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। इस अवसर पर पुंसवान, जन्म दिन, नामकरण, मुंडन, अन्न प्राशन विद्यारंभ, दीक्षा, यज्ञोपवित, विवाह संस्कार आदि निशुल्क कराया गया। कार्यक्रम में राजकुमार दीवान, अवधराम साहू, मनीराम साहू, शेखन साहू, दुकालू दीवान, खुमान साहू, उत्तम निर्मलकर, मुक्ता साहू, रूपराम साहू, देवनाथ व अन्य रहे।


