भास्कर न्यूज | धमतरी एकलव्य खेल मैदान में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह होगा। कार्यक्रम शुरू सुबह 9 बजे कुरूद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा ध्वजारोहण और परेड की सलामी से होगा। मुख्य समारोह से पहले, 24 जनवरी को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, एसपी सूरज सिंह परिहार ने तैयारियों के अंतिम अभ्यास का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी और अन्य प्रांतों की पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जबकि विभिन्न प्लाटून कमांडर मार्चपास्ट करेंगे। इस आयोजन की एक खास पहल यह भी है कि 23 जनवरी को आत्मसमर्पण करने वाले 9 नक्सलियों को समारोह में शामिल किया जाएगा, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ा जा सके। डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उमावि के एकलव्य खेल परिसर में 21 जनवरी को आयोजित अंतिम पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में हर गतिविधि का मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के मंच पर आगमन, परेड निरीक्षण, ध्वजारोहण की प्रक्रिया, मुख्यमंत्री संदेश का वाचन, प्लाटूनों का मार्च पास्ट, हर्ष फायर, रंगीन गुब्बारे छोड़ना, पुरस्कार वितरण जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। 26 जनवरी को सुबह 9 बजे विधायक अजय चंद्राकर ध्वज फहराएंगे। इसके बाद परेड कमांडर ध्वज सलामी देंगे। राष्ट्रगान गाया जाएगा। 9.03 बजे परेड निरीक्षण, 9.06 बजे हर्ष फायर और 9.18 बजे मुख्यमंत्री के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन होगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों, झांकियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। आत्मसमर्पित नक्सली भी कार्यक्रम में रहेंगे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि समारोह में 11 विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनमें सरकारी योजनाओं की झलक दिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और एकता का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना बढ़ती है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 23 जनवरी को 9 आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से उन्हें भी इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।


