भास्कर न्यूज | जशपुरनगर समग्र शिक्षा जशपुर योजना अंतर्गत पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला बघिमा में सांस्कृतिक प्रदर्शनी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन में विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं वंदना गीत के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मंच पर एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के साथ-साथ देशभक्ति गीतों और नागपुरी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े होने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के शिक्षक रवि गुप्ता ने विद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और अभिभावकों के सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के विद्यार्थियों का चयन नियमित रूप से नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय में हो रहा है, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। बच्चों ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और नशा मुक्ति जैसे गंभीर विषयों पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चार विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें सालेहा खातून, आकृति नाग, आश्या भगत और अहमद अंसारी शामिल हैं। इससे पूर्व कुर्सी दौड़, बैलून रेस, बोरा दौड़ सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। नवोदय में चयनित आशीष यादव के पालक को भी सम्मानित किया गया।


