ब्यावर में अवैध बजरी माफिया ने फोरेस्ट रेंजर और वनरक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया। इस वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद कुछ ग्रामीणों ने दोनों को रायपुर सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए जाया गया। जहां से उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही रेंजर की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे रायपुर कस्बे के पचानपुरा और कालब खुर्द के बीच की है। रायपुर थाने पर सब इंस्पेक्टर बाबूलाल सिरवी ने बताया- ग्रामीणों से हमें जानकारी मिली थी कि वन विभाग के किशोर कुमार और वनरक्षक विष्णु मीणा बाइक से कानूजा फॉरेस्ट नाके की ओर जा रहे थे। इस दौरान पचानपुरा और कालब खुर्द के बीच अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में किशोर कुमार को कमर, पैर और पीठ और सिर पर गंभीर चोटें आईं थी। वहीं वनरक्षक विष्णु मीणा के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। हादसे के बाद दोनों को ग्रामीणों ने रायपुर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर ले जाते समय रास्ते में रेंजर किशोर कुमार की हालत बिगड़ गई। ऐसे में उन्हें पास ही के बिलाड़ा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टर्स ने चेकअप के बाद किशोर कुमार को मृत घोषित कर दिया। उनका शव बिलाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। वनरक्षक विष्णु मीणा को बिलाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रायपुर थाने पर सब इंस्पेक्टर बाबूलाल सिरवी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया था। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई हैं। पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।


