बड़वानी के नवलपुरा में चेंबर से बह रहा गंदा पानी:बार-बार फूट रही नाली की पाइपलाइन, रहवासी बोले- समस्या का हल चाहिए

बड़वानी जिला मुख्यालय के नवलपुरा क्षेत्र में एक चेंबर से लगातार बह रहे गंदे पानी ने कॉलोनीवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। मंगलवार को परेशान रहवासियों ने इस समस्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और पार्षद व नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। स्थानीय निवासी शिवम पाटीदार, सरदाज बाई और कैलाश गिरी गोस्वामी ने बताया कि उनकी कॉलोनी की गली मुख्य सड़क से जुड़ी है, जहां लगभग 20 परिवार रहते हैं। यहां की नाली का पाइप बार-बार फूट जाता है, जिससे आगे के घरों का सारा गंदा पानी कॉलोनी में फैल जाता है। इसके कारण घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।रहवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार नगर पालिका में आवेदन दिए, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि रवि यादव को भी बार-बार जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि उन्हें न तो कोई जवाब मिला और न ही फोन उठाया गया। शिवम पाटीदार ने कहा, “हम पार्षद और पार्षद प्रतिनिधि से खुश नहीं हैं, क्योंकि जमीन स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा है। पार्षद के पास लोगों की समस्या सुनने तक का समय नहीं है।” बताया गया कि जिस घर के सामने चेंबर फूटा है, वह साखिर का है। इस क्षेत्र में 80 से 100 लोग प्रभावित हैं।महिलाओं को पूजा-पाठ के लिए घर से निकलने पर गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। गंदगी फैलने के कारण कई बच्चे बीमार हुए और उन्हें अस्पताल तक ले जाना पड़ा, ऐसा रहवासियों ने दावा किया। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत करेंगे और उग्र आंदोलन भी करेंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *